Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा की पूजा कुमारी का चयन 2nd बिहार विमेंस कबड्डी लीग ट्रायल में


सहरसा। शिक्षा विभाग द्वारा स्थापित किलकारी बिहार बाल भवन, सहरसा के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि यहां की प्रशिक्षु खिलाड़ी पूजा कुमारी का चयन 2nd बिहार विमेंस कबड्डी लीग के ट्रायल में सफलतापूर्वक हो गया है। चयनित खिलाड़ियों के लिए 19 फरवरी से प्रशिक्षण शिविर (कैंप) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूजा कुमारी भी भाग लेंगी।

पूजा कुमारी एक साधारण एवं मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, बल्कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि पूजा कुमारी इससे पूर्व भी अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनका चयन यूथ एशियन गेम्स, बहरीन के लिए सब-जूनियर गर्ल्स कबड्डी टीम में लेफ्ट कॉर्नर पोजीशन के लिए किया गया था। यह उपलब्धि उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। राज्य से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उनकी यह यात्रा किलकारी सहरसा के लिए गर्व का विषय है।

किलकारी बिहार बाल भवन, सहरसा में नियमित रूप से दिए जा रहे कबड्डी प्रशिक्षण, तकनीकी अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और खेल अनुशासन का सकारात्मक परिणाम है कि यहां की खिलाड़ी राज्य एवं उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रही हैं। यहां प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों के खेल कौशल के साथ-साथ आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

इस अवसर पर प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक श्री प्रणव भारती ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि किलकारी सहरसा की एक बच्ची का बिहार विमेंस कबड्डी लीग जैसे महत्वपूर्ण मंच तक पहुंचना पूरे संस्थान और सहरसा जिले के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूजा कुमारी आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी तथा उनकी यह सफलता जिले की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

इन उपलब्धियों के साथ किलकारी बिहार बाल भवन, सहरसा बच्चों के सर्वांगीण विकास की अपनी मूल संकल्पना की दिशा में निरंतर अग्रसर है। कला, संस्कृति, खेल और शोध जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर किलकारी अपने उद्देश्य को सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है।

Post a Comment

0 Comments