सहरसा–दरभंगा मार्ग पर महिषी थाना क्षेत्र के कोठिया मोड़ के समीप शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सहरसा की ओर से आ रही राज्य परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बीरगांव वार्ड संख्या 07 निवासी नारायण राय का 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार था। वह अपने साथी धीरज कुमार राय के साथ बाइक से बलुआहा जा रहा था। इसी दौरान कोठिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही राज्य परिवहन निगम की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रौशन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि धीरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही महिषी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में जलई थाना पुलिस भी पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपने जवान बेटे का शव देख पिता नारायण राय और चाचा, बीरगांव पंचायत के सरपंच सत्यनारायण राय का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता बार-बार बेहोश हो जा रहे थे, जिन्हें ग्रामीण संभालते रहे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और राहगीरों की आंखें भी इस हृदय विदारक दृश्य को देखकर नम हो गईं।
0 Comments