सोनवर्षा राज (सहरसा): बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को सोनवर्षा थाना की ओर से नशामुक्ति अभियान के तहत एक भव्य साइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
रैली को थाना परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें नगर प्रभारी मनीष कुमार, बीडीओ अमित आनंद, सीओ जितेंद्र कुमार सिन्हा एवं थाना प्रभारी संजय कुमार सत्यार्थी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। सैकड़ों स्कूली बच्चों ने अपनी साइकिलों पर “नशा से दूर रहें”, “स्वस्थ समाज, खुशहाल जीवन” जैसे संदेशों वाली तख्तियां लगाकर पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण किया। समाजसेवी अजय सिंह, सत्यदेव सिंह तथा वार्ड पार्षद हरिमोहन उर्फ गुड्डू यादव समेत कई गणमान्य लोगों ने भी रैली में भाग लेकर अभियान को समर्थन दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि राज्य स्तर पर 22 से 27 फरवरी तक ‘बिहार पुलिस सप्ताह’ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 1958 में हुई थी और 2007 से इसे नियमित रूप से हर वर्ष आयोजित किया जा रहा है। पुलिस सप्ताह के दौरान नशामुक्ति अभियान, महिला एवं बाल सशक्तिकरण कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, खेल प्रतियोगिताएं तथा जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस साइकिल रैली के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।
0 Comments