लायंस क्लब ऑफ सहरसा विशाल को नया नेतृत्व मिला है। क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक पूरब बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से डॉ जयंत आशीष को क्लब का नया प्रेसिडेंट चुना गया। उनके चयन के साथ ही क्लब के सदस्यों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। डॉ जयंत आशीष ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब समाज सेवा का एक सशक्त मंच है और वे इसे और अधिक सक्रिय, प्रभावी व जनहितकारी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
बैठक के दौरान क्लब की इंस्टॉलेशन सेरेमनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ विजय शंकर, डॉ करुणा शंकर, डॉ मनोज कुमार, डॉ प्रीति कुमारी, प्रवीण मिश्रा, सुशील सिंह सहित अन्य सदस्यों को पिन लगाकर क्लब की सदस्यता दिलाई गई। समारोह में वरिष्ठ सदस्य डॉ आरके पप्पू, डॉ ओमप्रकाश, डॉ गणेश कुमार, विकास गुप्ता, संजीव झा गुलटी, तरुण कुमार सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
डॉ जयंत आशीष ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ सहरसा विशाल शिक्षा, स्वास्थ्य, नेत्र जांच शिविर, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों के लिए जाना जाता है। आने वाले समय में इन गतिविधियों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंच सके। बैठक में नियमित कार्यक्रमों के आयोजन, सदस्यों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सदस्यों ने नए प्रेसिडेंट को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में लायंस क्लब ऑफ सहरसा विशाल समाज सेवा और समर्पण की नई मिसाल कायम करेगा और शहर के सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

0 Comments