सहरसा: सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरेवा, वार्ड संख्या-04 में कीटनाशक सेवन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में तीन युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक का इलाज सदर अस्पताल, खगड़िया में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि चार युवक मक्के के खेत में जाकर फेराडोन कीटनाशक का सेवन कर लिए हैं। सूचना प्राप्त होते ही कनरिया थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इस प्रकरण में मृतकों की पहचान मुरारी सदा, राजा कुमार और सनी देओल कुमार के रूप में की गई है। वहीं सनोज कुमार का इलाज सदर अस्पताल, खगड़िया में जारी है। सभी युवक ग्राम फरेवा, वार्ड संख्या-04, थाना कनरिया, जिला सहरसा के निवासी बताए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सर्किल इंस्पेक्टर, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि युवकों द्वारा फेराडोन कीटनाशक का सेवन किया गया है। मृतकों के शवों को विधिवत इनक्वेस्ट के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की गहन जांच के लिए विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।
0 Comments