सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी का एक नया मामला सामने आया है, जहां तस्करों ने महंगी विदेशी शराब की खेप को सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार में छिपाकर रखा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलते ही जब छापेमारी की गई तो आरोपी घर छोड़कर फरार हो चुके थे, लेकिन कार से भारी मात्रा में शराब बरामद कर ली गई। बरामद बोतलों पर ‘For Sale in Punjab’ और ‘For Sale in Jharkhand’ लिखा हुआ था, जिससे अंतरराज्यीय शराब तस्करी की आशंका और गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर थाने के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार को 16 मई 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि लग्मा वार्ड नंबर-11 निवासी प्रवीण कुमार एक उजले रंग की क्रेटा कार में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार ने दरोगा स्वीटी कुमारी एवं अमरजीत कुमार सिंह के साथ टीम बनाकर छापेमारी की योजना तैयार की।
दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस टीम प्रवीण कुमार के घर पहुंची। तलाशी के दौरान घर में सन्नाटा पसरा मिला और सभी लोग मौके से फरार पाए गए। हालांकि घर से सटे कर्कट शेड वाले गैरेज में मुखबिर द्वारा बताई गई सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (BR01DD1001) खड़ी मिली। इसके बाद स्थानीय गवाह बबलू कुमार और जयकिशुन सिंह की मौजूदगी में वीडियोग्राफी करते हुए वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर पांच कार्टून ‘रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की’ बरामद हुई, जिन पर ‘Made in India for Sale in Punjab’ अंकित था। वहीं कार की डिक्की से नौ कार्टून ‘रॉयल चैलेंज फाइनेस्ट प्रीमियम व्हिस्की’ मिली, जिन पर ‘For Sale in Jharkhand’ लिखा हुआ था। कुल 14 कार्टून शराब जब्त की गई। प्रत्येक कार्टून में 375 एमएल की 24 बोतलें थीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 126 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
पुलिस ने मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची तैयार कर शराब और कार को जब्त कर लिया। मामले में क्रेटा चालक प्रवीण कुमार, पिता प्रवेश सिंह, तथा वाहन मालिक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2022 की धारा 30(a) के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई अमरेंद्र कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
0 Comments