Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

इग्नू की जून सत्रांत परीक्षा एक जून से, 21 जुलाई तक चलेंगी परीक्षाएं



सहरसा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की जून सत्रांत परीक्षा आगामी एक जून से शुरू होकर 21 जुलाई तक आयोजित की जायेगी। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया गया है, जिसे इग्नू के आधिकारिक पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के वरीय क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मिर्जा नेहाल अहमद बेग ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं। क्षेत्रीय केंद्र की ओर से पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गयी है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि सहरसा क्षेत्रीय केंद्र के अधीन आने वाले आठ जिलों में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। इनमें सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और खगड़िया जिले के विभिन्न महाविद्यालय एवं शिक्षण संस्थान शामिल हैं। वहीं कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा के लिए गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, सहरसा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा आयोजन को लेकर सोमवार को सभी केंद्राधीक्षकों का ऑनलाइन उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। डॉ. बेग ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर डाउनलोड किया हुआ हॉल टिकट और वैध छात्र पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना हॉल टिकट और पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताब, नोट्स अथवा नकल से संबंधित किसी भी सामग्री के साथ पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। साथ ही परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गयी है।

Post a Comment

0 Comments