Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, सफारी गाड़ी से 92 लीटर विदेशी शराब बरामद


सहरसा में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताते हुए शराब तस्करी का कारोबार लगातार नए तरीकों से संचालित किया जा रहा है। हालांकि, सदर थाना पुलिस ने ‘रोको-टोको’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी टाटा सफारी गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सदर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन तिवारी सोमवार की देर रात होमगार्ड जवान छेद राय और ओम पासवान के साथ रात्रि गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे रहुआ नहर और जोड़ी पाखर के बीच ‘रोको-टोको’ अभियान के तहत वाहनों की सघन जांच चल रही थी। तभी सहरसा की ओर से आ रही एक उजले रंग की संदिग्ध टाटा सफारी (BR11H-4631) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

पुलिस की टॉर्च की रोशनी पड़ते ही चालक घबरा गया और गाड़ी को पीछे कर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। वाहन में मौजूद युवक को हिरासत में लेने के बाद जब तलाशी ली गई तो डिक्की में छह बोरे रखे मिले।

तलाशी के दौरान बोरों से ‘रॉयल स्टैग’ ब्रांड की 375 एमएल और 750 एमएल की विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN PUNJAB ONLY” अंकित था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शराब पंजाब से लाई गई थी। पुलिस ने कुल 92.625 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है।

गिरफ्तार युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के हटियागाछी वार्ड संख्या-31 निवासी 22 वर्षीय शक्ति चौधरी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह जब्त शराब के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

सदर थाना पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण अवैध शराब के परिवहन और भंडारण को लेकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी और वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Post a Comment

0 Comments