मधेपुरा। जिले के बिहारीगंज रेक प्वाइंट से मक्का बेचकर घर लौट रहे एक युवा किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत उदाकिशुनगंज-पुरैनी मुख्य मार्ग स्थित कोरचक्का पुल के समीप हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गये।
मृतक की पहचान नीतीश भगत के रूप में हुई है। वह पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपारिया गांव के रहने वाले थे। हादसे में हरवंश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरैनी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार नीतीश भगत अपने सहयोगी के साथ ट्रैक्टर पर मक्के की फसल बेचकर बिहारीगंज रेक प्वाइंट से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोरचक्का पुल के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नीतीश ट्रैक्टर की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी भयावह थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी।
सूचना पर पहुंची पुरैनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही कोपारिया गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नीतीश मेहनती और मिलनसार युवक थे तथा परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। वे अपने जीजा के यहां रहकर खेती-बाड़ी और अन्य कार्यों में सहयोग करते थे।
0 Comments