सोनवर्षाराज : एनएच 107 विस्तारीकरण निर्माण कार्य में पेट्री कांट्रेक्टर की धीमी कार्यशैली आम लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। अधूरा निर्माण कार्य और बदहाल सड़कों की वजह से राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग स्थित मनोरी चौक लिंक रोड, ओवरब्रिज के अंडरपास मार्ग तथा सोनवर्षाराज-माली मुख्य मार्ग में देहद मोड़ के समीप सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे आवागमन जोखिम भरा बन गया है।
शुक्रवार को मनोरी चौक स्थित ओवरब्रिज के अंडरपास सड़क से गुजरने के दौरान सब्जी लदा एक ऑटो असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हालांकि चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से कीचड़ में फंसे ऑटो को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण यहां आये दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
थोड़ी बारिश में ही खुल गई निर्माण कार्य की पोल
माॅनसून पूर्व हुई हल्की बारिश ने एक बार फिर मनोरी चौक स्थित लिंक रोड की बदहाली उजागर कर दी है। बीते कुछ दिनों की बारिश से सड़क पूरी तरह कीचड़मय और दलदल में तब्दील हो गई है। जगह-जगह जलजमाव और फिसलन के कारण दोपहिया एवं तिपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई और लिंक सड़क की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
ओवरब्रिज निर्माण अधूरा, बाजार में दिनभर लग रहा जाम
मनोरी से सिमरी बख्तियारपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य अधूरा रहने तथा लिंक सड़क की खराब स्थिति के कारण मुख्य बाजार क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ बढ़ जाने से लोगों को सिमरी बख्तियारपुर जाने के लिए सुगमा पुल होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
इसके चलते भारी वाहनों सहित अन्य गाड़ियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे स्कूली समय में जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। जाम में स्कूली बसों और छोटे वाहनों के फंसने से बच्चों एवं अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है।
0 Comments