Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में विशेष वाहन जांच अभियान, 56 वाहनों से वसूला गया ₹2.65 लाख जुर्माना



सहरसा जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन एवं आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सौर बाजार प्रखंड क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला पदाधिकारी सहरसा के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-प्रवर्तन पदाधिकारी सुजीत कुमार बरवाल ने किया।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सड़क पर चलने वाले विभिन्न वाहनों की सघन जांच की और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही वाहन चालकों को बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, फिटनेस, वाहन अनुज्ञप्ति सहित अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

जांच के दौरान जिन वाहन चालकों के कागजात अधूरे पाए गए या जो सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते मिले, उनके खिलाफ परिवहन विभाग के नियमानुसार कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं बिना चालक अनुज्ञप्ति वाहन चलाने वालों के चालान काटे गए। इसके अलावा ट्रैक्टर और ट्रकों द्वारा ओवरलोडिंग के मामलों की भी विशेष जांच कर संबंधित चालकों पर जुर्माना लगाया गया।

इस विशेष अभियान में मोटरसाइकिल, टेम्पो, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं अन्य चारपहिया वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 56 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹2 लाख 65 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

अभियान में अपर जिला परिवहन पदाधिकारी जीशान अहमद, मोटर वाहन निरीक्षक बृजमोहन पटवारी, परिवहन विभाग के प्रवर्तन उपनिरीक्षक, चलंत दस्ता, सिपाही एवं होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

0 Comments