Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : भादा गांव में सर्पदंश से 8 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम


सोनवर्षा क्षेत्र के बिराटपुर पंचायत स्थित भादा गांव में शनिवार की रात सर्पदंश की दर्दनाक घटना में एक 8 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान भादा गांव निवासी मनोज साह के 8 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम गौरव कुमार गांव में ब्रह्मदेव ऋषि देव के घर के बगल में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक विषैले सांप ने उसे काट लिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में बालक को इलाज के लिए सोनवर्षा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

बालक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की मां माला देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके चीत्कार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और लोगों में घटना को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान हसीरउद्दनी, दीपक सिंह, मुकेश कुमार साह, शंभू सादा, सरपंच प्रतिनिधि दीपक ठाकुर, कारु सिंह एवं मिट्ठू रज्जक समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments