बसनही थाना क्षेत्र के बरैठ पंचायत अंतर्गत तमकुल्हा गांव में सोमवार की देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने नौ गरीब परिवारों की जिंदगी को पलभर में तबाह कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते नौ घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति, नकद राशि, बाइक, अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
(Tamkulha Fire Incident, Saharsa Breaking News)
जानकारी के अनुसार तमकुल्हा वार्ड संख्या नौ में लगे एक बिजली पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। उससे निकली चिंगारी पास के फूस के घर पर गिर गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए। आधी रात को आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख-पुकार के बीच अपने बच्चों और सामान को बचाने में जुट गए, लेकिन तेज लपटों के सामने सब बेबस नजर आए।
इस भीषण अग्निकांड में रामानंद शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, देवनारायण शर्मा, भवेश शर्मा, रवेश शर्मा, राजेश शर्मा, धीरेन शर्मा, श्याम शर्मा और शिव कुमार शर्मा का घर पूरी तरह जल गया। पीड़ित परिवारों ने बताया कि रवेश शर्मा की बाइक और 25 हजार रुपये नकद, जबकि रामस्वरूप शर्मा के 50 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े और जरूरी सामान पूरी तरह राख हो गया, जिससे परिवारों के सामने भोजन और रहने का संकट गहरा गया है।
(Bihar Village Fire News, Short Circuit Fire Saharsa)
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम दमकल के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो पूरा टोला इसकी चपेट में आ सकता था।
वहीं घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर क्षति के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजस्व पदाधिकारी शैयद बादशाह ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। प्रभावित परिवारों की क्षति का विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
(Saharsa Disaster News, Fire Victims Saharsa)
अग्निकांड के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों के घर जले हैं, उनके पास अब सिर छिपाने तक की जगह नहीं बची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

0 Comments