Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

SAHARSA NEWS : TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में भड़का आक्रोश, भाकपा माले-आरवाईए ने फूंका सम्राट चौधरी का पुतला

PHOTO : TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते प्रदर्शनकारी।

नगर निगम क्षेत्र स्थित कचहरी चौक पर रविवार को टीआरई-4 अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाकपा माले और आरवाईए (RYA) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अभ्यर्थियों, खासकर महिला उम्मीदवारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।

(Bihar TRE-4 Candidates Protest, Bihar Teacher Vacancy News)

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आरवाईए के राष्ट्रीय पार्षद सह भाकपा माले नेता कुंदन यादव ने कहा कि अपने भविष्य और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज करना भाजपा-जदयू सरकार की दमनकारी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुनियोजित तरीके से युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

कुंदन यादव ने कहा कि जिन युवाओं के हाथों में भविष्य में बिहार की शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी होगी, आज उन्हीं को सड़कों पर अपराधियों की तरह पीटा जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।

(TRE-4 Vacancy Demand, Bihar Youth Protest News)

भाकपा माले नेताओं ने कहा कि बिहार के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार नई बहाली निकालने के बजाय आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठियां बरसा रही है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जब भी नौजवान रोजगार और हक की बात करते हैं, सरकार पुलिस बल के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश करती है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तत्काल टीआरई-4 की वैकेंसी जारी करने, अभ्यर्थियों की मांगों को पूरा करने और लाठीचार्ज के दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही घायल अभ्यर्थियों के समुचित इलाज और मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

(Bihar Politics News, CPI ML Protest Bihar)

कचहरी चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में भाकपा माले जिला सचिव ललन यादव, खेग्रामस राष्ट्रीय पार्षद विक्की राम, युवा नेता चंदन कुमार यादव, ललन कुमार यादव, रणधीर ठाकुर, कमल किशोर यादव, मंटू यादव, सूरज कुमार, मो. मुस्ताक, विपिन कुमार और संतोष कुमार राजा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

Post a Comment

0 Comments