Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सोनवर्षाराज में भीषण सड़क हादसा: दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल


सोनवर्षाराज: थाना क्षेत्र के माली-खाड़ा मुख्य मार्ग पर भस्ती दरगाह के समीप बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। विपरीत दिशा से आ रही दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है।

मृतकों में एक की पहचान नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 निवासी 45 वर्षीय सुनील स्वर्णकार के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक और घायल युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

बताया जा रहा है कि घायल युवक ने होश में आने पर खुद को मधेपुरा जिले के आलमनगर का निवासी बताया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर बेहोश हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल बना रहा।

इधर, काशनगर पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा अन्य मृतक और घायल युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments