Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : नशा मुक्त समाज के लिए जलई थाना पुलिस का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों से सहयोग की अपील


महिषी, सहरसा। जलई थाना पुलिस की ओर से सोमवार को बीरगांव पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर एक स्थित महादलित टोला में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

शिविर को संबोधित करते हुए जलई थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए विनाशकारी है। उन्होंने कहा कि नशे का सेवन व्यक्ति की आर्थिक स्थिति को कमजोर करने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डालता है। नशे के कारण परिवारों में अशांति बढ़ती है और आने वाली पीढ़ी पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे घर के बड़े लोगों को नशा करते देखते हैं तो वे भी उसी राह पर चल पड़ते हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है।

थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में मद्य निषेध कानून को प्रभावी बनाने के लिए आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। जनता की सहभागिता से ही पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकता है।

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर उन्हें कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पीएसआई राजकमल, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, स्थानीय ग्रामीण अनिरुद्ध मुखिया, जीवछ मुखिया, अजय मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments