Image Source: AI
सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत 327 ई सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी ससुराल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार पुरीख वार्ड संख्या तीन निवासी भूपी सादा का पुत्र गुला सादा शुक्रवार की सुबह अपने घर से मुराजपुर नवहट्टा जाने के लिए बाइक से निकला था। वह जैसे ही बरहसेर स्थित मुख्तार मंदिर के समीप पहुंचा, उसी दौरान सुपौल की ओर से सहरसा जा रही एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं ट्रक को जब्त कर थाना ले आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में पूछे जाने पर अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments