नवहट्टा: नवहट्टा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर इश्तेहार तमिला कराया है। यह मामला 14 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मामले के नामजद आरोपी संतोष यादव, श्रवण यादव और धनी यादव घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। न्यायालय के आदेश के बाद नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार सहित पुलिस टीम ने असई वार्ड संख्या 14 स्थित आरोपियों के घर पहुंचकर विधिवत इश्तेहार चिपकाया।
इश्तेहार तमिला के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सरेंडर नहीं करने पर आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
0 Comments