सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलवाहाट–सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलथी गांव के समीप बच्चे को बचाने के प्रयास में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक बच्चा समेत दो लोग घायल हो गये, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी।
मिली जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा सिमरी बख्तियारपुर से बलवाहाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान बलथी गांव के पास अचानक एक बच्चा सड़क पर आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में बलवाहाट थाना क्षेत्र के सकड़ा पहाड़पुर निवासी चालक सज्जन राय गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं तिलाठी निवासी यात्री गुरुदेव कुमार और बच्चा विक्रम कुमार को भी चोटें आयी हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।
घटना के दौरान बलवाहाट से लौट रहे एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर की नजर सड़क किनारे जुटी भीड़ पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाकर स्थिति की जानकारी ली और तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था करायी। एसडीपीओ ने घायल बच्चे और एक यात्री को नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच 107 पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
0 Comments