Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News :महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप



सहरसा जिले के ओकाही पंचायत अंतर्गत सीसई अगुवानपुर वार्ड संख्या 11 में शनिवार की सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 31 वर्षीय रितु देवी के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से बैंक मित्र के रूप में कार्यरत थीं। घटना सुबह लगभग 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

मृतका के पति गुड्डू मिस्त्री गांव में ही वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। परिवार में दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र करीब 18 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है। दोनों बच्चे हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। घटना के समय घर में रितु देवी के पति, सास और ससुर मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

घटना को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगुवानपुर गांव में गुड्डू मिस्त्री की पत्नी रितु देवी की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की बहन सोनी देवी ने आरोप लगाया कि रितु देवी को उसके ससुराल वालों ने मिलकर मार डाला। उन्होंने कहा कि रितु देवी के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और उस पर बैंक मित्र की नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया जाता था। परिवार के लोग चाहते थे कि वह नौकरी छोड़कर केवल घर का कामकाज संभाले। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद होता था।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला लगाकर फरार हो गए। मृतका के एक अन्य परिजन ने बताया कि उन्हें करीब 12:30 बजे फोन कर जल्द आने को कहा गया, लेकिन किसी ने घटना की सही जानकारी नहीं दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर के लोग गायब थे और रितु देवी मृत अवस्था में पड़ी थीं।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments