Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Sonbarsa Raj : ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मारपीट, जान से मारने की धमकी , सात नामजद सहित कई अज्ञात पर केस


सहरसा जिले के सोनवर्षा राज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित चिकित्सक ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर सात नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीएचसी में कार्यरत डॉ. रंजीत मिश्रा मंगलवार को अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग एक मरीज को अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने मरीज की जांच की तो उसे मृत पाया और मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि मरीज को मृत घोषित किए जाने के बाद उसके परिजन और कुछ स्थानीय असामाजिक तत्व उग्र हो गए।

डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उग्र भीड़ ने अस्पताल परिसर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। चिकित्सक का यह भी आरोप है कि उपद्रवियों ने उन पर जबरन फर्जी कागजात तैयार करने का दबाव बनाया।

पीड़ित चिकित्सक ने अपने आवेदन में कहा है कि वे प्रतिदिन लगभग 40 किलोमीटर दूर से ड्यूटी करने अस्पताल आते हैं, लेकिन अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं है। इस घटना के बाद डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के बीच डर का माहौल बन गया है।

थाने में दिए गए आवेदन में मनीष कुमार विप्लव, चानो विश्वास, वेचन विश्वास, नीरज विश्वास, इंदल विश्वास और नीतीश विश्वास समेत सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात लोगों पर भी मारपीट और हंगामा करने का आरोप लगाया गया है। डॉ. मिश्रा ने पुलिस को बताया है कि घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक ने अपने आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक कोसी प्रक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहरसा और आरक्षी उपाधीक्षक सिमरी बख्तियारपुर को भी भेजी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के साथ अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments