बेगूसराय में देर रात एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों (SHO) और उनके निजी चालक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे साहेबपुर कमाल इलाके में हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। बताया जा रहा है कि कार की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके कारण चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर ही कार में सवार नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, तीनों थाना प्रभारी मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में पदस्थापित थे और पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है और दोनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारी स्तब्ध हैं।

0 Comments