सहरसा के पतरघट प्रखंड से बड़ी खबर सामने आई है। धबौली पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर 13 स्थित बैंक चौक के पास शुक्रवार देर शाम भीषण आग लग गई। इस अगलगी की घटना में तीन परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।
बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान मनोज विश्वास के घर के टूटे चदरा वाले छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों में मनोज विश्वास के साथ-साथ हीरा विश्वास और छोटू विश्वास का घर भी जल गया। हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जरूरी कागजात समेत रोजमर्रा की कई सामान जलकर नष्ट हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से आसपास के कई अन्य घरों को बचा लिया गया।
फिलहाल इस अगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पीड़ित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
0 Comments