Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा के खजुरी पंचायत में आवारा कुत्तों का आतंक, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल


सहरसा जिले के सौरबाजार प्रखंड अंतर्गत बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के खजुरी पंचायत में गुरुवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने आतंक मचा दिया। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार दोपहर के समय एक उग्र कुत्ता अपने झुंड के साथ पंचायत के विभिन्न वार्डों में घूम रहा था। इसी दौरान उसने अलग-अलग जगहों पर लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई लोग इसकी चपेट में आ गए और इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना में घायल हुए लोगों में खजुरी पंचायत वार्ड संख्या 6 के 50 वर्षीय बिशेश्वर यादव, अबरेन्द्र यादव, मुलेखा देवी, वार्ड संख्या 7 के आहिस्ता प्रवीण, वार्ड संख्या 11 परिहारपुर निवासी विजय यादव और वार्ड संख्या 1 मुसहरनियां निवासी गणेश यादव समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने घायलों को एंटी रेबीज इंजेक्शन और आवश्यक दवाएं दी हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोग लगातार प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही आवारा और हिंसक कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं तथा और लोग घायल हो सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments