पिपरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी भवानीपुर पंचायत से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने 60 वर्षीय विधवा महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में रखे नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
मृतका की पहचान चनिया देवी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय चंदेश्वरी यादव की पत्नी थीं। उनके पति का निधन करीब 15 से 20 वर्ष पहले हो चुका था और उनके कोई संतान नहीं थे। वे बकरी पालन कर किसी तरह अपना जीवनयापन करती थीं।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने देर रात घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। लूटपाट के दौरान जब चनिया देवी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चनिया देवी ने हाल ही में कुछ बकरे बेचे थे, जिससे उन्हें नकदी मिली थी, जिसे उन्होंने घर में रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पैसे के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में नशे के आदी युवकों की बढ़ती गतिविधियों पर भी चिंता जताई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
0 Comments