बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दानापुर मंडल ने 27 और 28 जून को कुल 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने जानकारी दी कि पटना, पाटलिपुत्र और दानापुर समेत विभिन्न स्टेशनों से ये विशेष ट्रेनें अलग-अलग जिलों के लिए चलाई जाएंगी। इससे हजारों परीक्षार्थियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी।
27 जून को कुल छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें पाटलिपुत्र से सहरसा, पटना से भभुआ, पटना से बेतिया, पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट, दानापुर से अररिया और पटना से सीवान के लिए ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें रात के अलग-अलग समय पर रवाना होकर सुबह अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी।
वहीं 28 जून को सात स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी, जो बख्तियारपुर, राजगीर, किऊल, गया, नवादा, झाझा, बक्सर और पटना जैसे रूटों पर चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन दिन और शाम के समय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अपनी ट्रेन और परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित करें और निर्धारित समय से पहले स्टेशन पर पहुंचें, ताकि यात्रा सुचारू और समय पर पूरी हो सके।
27 जून को कुल छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी
- 03201 पाटलिपुत्र–सहरसा स्पेशल : रात 8:00 बजे प्रस्थान, सुबह 5:00 बजे सहरसा पहुंचेगी.
- 03203 पटना–भभुआ स्पेशल : रात 8:50 बजे प्रस्थान, सुबह 3:00 बजे भभुआ पहुंचेगी.
- 03204 पटना–बेतिया स्पेशल : रात 9:00 बजे प्रस्थान, सुबह 5:00 बजे बेतिया पहुंचेगी.
- 03213 पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल : रात 9:45 बजे प्रस्थान, सुबह 5:30 बजे पहुंचेगी.
- 03205 दानापुर–अररिया स्पेशल : रात 10:00 बजे प्रस्थान, सुबह 6:00 बजे अररिया पहुंचेगी.
- 03202 पटना–सीवान स्पेशल : रात 11:00 बजे प्रस्थान, सुबह 3:00 बजे सीवान पहुंचेगी.
28 जून को सात विशेष ट्रेनें संचालित होंगी
- 03206 बख्तियारपुर–राजगीर स्पेशल : सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक.
- 03207 किऊल–गया स्पेशल : दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक.
- 03208 राजगीर–बख्तियारपुर स्पेशल : दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक.
- 03209 नवादा–झाझा स्पेशल : दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:45 बजे तक.
- 03210 बक्सर–दानापुर स्पेशल : दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक.
- 03211 झाझा–पटना स्पेशल : शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक.
- 03212 गया–किऊल स्पेशल : शाम 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक.
0 Comments