भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 22 सितंबर 2026 को जारी प्रेस नोट के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो 31 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
प्रमंडलीय आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल की ओर से जारी प्रेस ब्रिफिंग के अनुसार कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को होगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को होगी।
नामांकन से मतगणना तक पूरा कार्यक्रम
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 1,34,593 मतदाता
30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली के अनुसार कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,34,593 मतदाता हैं। इनमें 1,02,554 पुरुष, 32,034 महिला और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 181 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार खगड़िया में 11 मतदान केंद्र और 9,494 मतदाता, सहरसा में 13 मतदान केंद्र और 11,558 मतदाता, मधेपुरा में 14 मतदान केंद्र और 9,696 मतदाता तथा सुपौल में 13 मतदान केंद्र और 9,474 मतदाता हैं।
अररिया में 11 मतदान केंद्रों पर 9,118 मतदाता, किशनगंज में 8 मतदान केंद्रों पर 3,567, पूर्णिया में 17 मतदान केंद्रों पर 12,135 और कटिहार में 20 मतदान केंद्रों पर 11,034 मतदाता दर्ज हैं।
भागलपुर में सबसे अधिक 26 मतदान केंद्र हैं, जहां कुल 24,672 मतदाता हैं। इसके अलावा मुंगेर में 12 मतदान केंद्र और 8,494 मतदाता, लखीसराय में 7 मतदान केंद्र और 3,758 मतदाता, शेखपुरा में 7 मतदान केंद्र और 4,339 मतदाता, जमुई में 11 मतदान केंद्र और 6,483 मतदाता तथा बाँका में 11 मतदान केंद्र और 10,771 मतदाता हैं।
आदर्श आचार संहिता लागू
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। पूर्णिया प्रमंडल कार्यालय से जारी पत्र की प्रतिलिपि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बाँका जिले शामिल हैं।
0 Comments