Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

25 सितंबर को मनाई जाएगी अनंत चतुर्दशी, भगवान विष्णु की पूजा और व्रत का विशेष महत्व: पंडित तरुण झा



सहरसा। भगवान विष्णु को समर्पित अत्यंत महत्वपूर्ण व्रत एवं पूजा अनंत चतुर्दशी इस वर्ष 25 सितंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना, व्रत एवं कथा का आयोजन करेंगे। वहीं, 14 सितंबर से शुरू हुए गणेश पूजा उत्सव का समापन भी अनंत चतुर्दशी के दिन होगा और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

ब्रज किशोर ज्योतिष संस्थान एवं फाउंडेशन, डॉ. रहमान चौक, सहरसा के संस्थापक एवं मिथिला क्षेत्र के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित तरुण झा ने बताया कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को अनंत चतुर्दशी के नाम से जाना जाता है। यह व्रत संसार के पालनहार भगवान विष्णु की अनंतता का बोध कराने वाला कल्याणकारी व्रत माना जाता है।

पंडित तरुण झा के अनुसार स्कंद पुराण, ब्रह्म पुराण एवं भविष्यादि पुराणों में भी भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को अनंत व्रत किए जाने का उल्लेख मिलता है। इस दिन भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करने के साथ अनंत भगवान की कथा का श्रवण किया जाता है।

उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा, व्रत एवं कथा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु अनंत भगवान के प्रतीक स्वरूप पवित्र धागे को हाथ में धारण करते हैं और पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस दिन भगवान का कीर्तन करने तथा प्रभु नारायण का यथासंभव नाम स्मरण करने को भी सुखद एवं फलदायी बताया गया है।

अनंत चतुर्दशी के साथ गणेश उत्सव का भी समापन होगा। 14 सितंबर से चल रहे गणेश पूजा कार्यक्रम के बाद श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन करेंगे। इसको लेकर विभिन्न पूजा समितियों और श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।

Post a Comment

0 Comments