Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Latest Bihar News (बिहार न्यूज़): बिहार की प्रभारी DGP प्रीता वर्मा ने संभाली कमान, पहली बैठक में नशे से लेकर महिला सुरक्षा तक 4 अहम निर्देश


पटना। बिहार पुलिस की कमान फिलहाल 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा ने संभाल ली है। बुधवार को उन्होंने प्रभारी पुलिस महानिदेशक (DGP) का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने के बाद राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, महिला एवं बालिका सुरक्षा, पितृपक्ष मेले की सुरक्षा और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रीता वर्मा वर्तमान में बिहार होमगार्ड एवं फायर सर्विस की DG हैं। नियमित DGP विनय कुमार के 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अवकाश पर रहने के दौरान उन्हें DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

बैठक में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी DGP ने सूखे नशे के नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करने और खासकर युवाओं व बच्चों को प्रभावित करने वाले नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिलों में नशे से जुड़े मामलों की मॉनिटरिंग और पुलिस कार्रवाई को मजबूत करने को कहा गया।

महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों के आसपास पुलिस की मौजूदगी तथा निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

गया में शुरू हुए पितृपक्ष मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीमावर्ती जिलों में भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों को सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और घुसपैठ पर नजर रखने के साथ संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

इधर, बिहार के नियमित DGP की नियुक्ति की प्रक्रिया अलग से जारी है। वरिष्ठ IPS अधिकारियों का पैनल तैयार होने के बाद UPSC की प्रक्रिया के तहत नामों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद राज्य के नियमित DGP की नियुक्ति होगी।


Post a Comment

0 Comments