सिमरीबख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय मैदान में रविवार को भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूजनोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे उच्च विद्यालय मैदान से भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और इलाकों से होकर गुजरेगी और वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान बलभद्र के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल होंगे।
शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
पूजनोत्सव के मौके पर रविवार शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें गायिका कस्तूरी सरकार और डोली लाडली के साथ गायक शंकर बिहारी और अर्जुन रॉकी प्रस्तुति देंगे। कलाकारों की प्रस्तुति को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान बलभद्र के पूजनोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
0 Comments