समस्तीपुर: हसनपुर थाना क्षेत्र के केशोरा गांव में शुक्रवार देर रात 50 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक गुलजार अहमद उर्फ शाहीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उनका शव घर के दरवाजे पर खून से लथपथ मिला। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना पडोरिया पंचायत के वार्ड 13 की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, गुलजार अहमद रात में घर के बाहर सो रहे थे। आशंका है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच उन्हें सिर में गोली मारी गई। गोली चलने की आवाज परिवार के किसी सदस्य ने नहीं सुनी।
सुबह उनकी मां ने उन्हें खून से लथपथ देखा, जिसके बाद परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले गुलजार गांव में आयोजित जन्मोत्सव के भोज में शामिल होने गए थे। परिवार के मुताबिक, गांव में किसी के साथ उनका कोई विवाद नहीं था।
सूचना मिलने के बाद रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा, हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
रोसड़ा डीएसपी के अनुसार, पुलिस मामले की तकनीकी और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
0 Comments