Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Latest Supaul News (सुपौल न्यूज़): सुपौल में जिला स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता संपन्न, सरस्वती विद्या निकेतन बनी विजेता


16 सितंबर 2026, सुपौल: जिला शिक्षा कार्यालय (शिक्षा भवन) के सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय विज्ञान ड्रामा-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या निकेतन, सुपौल ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम अब 24 सितंबर को सहरसा में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में सुपौल जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल संग्राम सिंह, जिला समन्वयक राजीव कुमार और अन्य शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि विज्ञान ड्रामा जैसी गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और रचनात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘Science & Society’ यानी ‘विज्ञान और समाज’ रखा गया था। इसके तहत विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), इलेक्ट्रिक वाहन (EV), इंटरस्टेलर हैबिटैट्स और महासागरों के संरक्षण जैसे समसामयिक विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। कहानी, संवाद और अभिनय के माध्यम से प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक तथ्यों और अवधारणाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।

उत्कृष्ट अभिनय और प्रभावी वैज्ञानिक संदेश के आधार पर सरस्वती विद्या निकेतन, सुपौल की टीम को प्रथम स्थान मिला। टी.एच.एस. बरुआरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। एल.एन.एल.एन. प्रोजेक्ट बालिका हाई स्कूल, त्रिवेणीगंज और यू.एच.एस. सिसौनी, किशनपुर को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान दिया गया। यू.एच.एस. फुलवरिया, किशनपुर की टीम भी प्रतियोगिता में शामिल रही।

पूरे कार्यक्रम का संयोजन जिला समन्वयक (Science for Society) सह प्रधानाध्यापक, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़ा एकमा, सुपौल राजीव कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान ड्रामा बच्चों को वैज्ञानिक विषयों को सरल, रोचक और मनोरंजक तरीके से समझाने का प्रभावी माध्यम है। इसमें वैज्ञानिक तथ्यों और अवधारणाओं को कहानी, संवाद और अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया जाता है।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन और आयोजन को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में निर्णायक एवं सहयोगी सदस्यों रीता कुमारी, अमरेंद्र कुमार, रंजू कुमारी, शंकर कुमार और अवधेश कुमार की सक्रिय भूमिका रही।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी टीमों, मार्गदर्शक शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना की गई तथा आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विजेता टीम को शुभकामनाएं दी गईं।

Post a Comment

0 Comments