Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सोनवर्षाराज में पोखर में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत


सहरसा। सोनवर्षाराज के बसनही थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेठ पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप पोखर में सोमवार को स्नान करने के दौरान डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान तमकुलहा गांव के वार्ड नंबर 9 निवासी राज कुमार यादव के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अंकुश कुमार अन्य बच्चों के साथ पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित पोखर में स्नान करने गया था। इसी दौरान पोखर में छलांग लगाने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। बच्चों ने लाठी बढ़ाकर उसे पकड़ाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण अंकुश पानी में समा गया।


बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखर में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अंकुश को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना बसनही थाना पुलिस को दी। बसनही थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। अग्रेतर कार्रवाई के लिए पुलिस को घटनास्थल पर भेजा गया है।




Post a Comment

0 Comments