Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा की श्रद्धा श्री ने ‘सा रे गा मा पा’ के मंच पर बिखेरा सुरों का जादू, अंतिम 12 में बनाई जगह



सहरसा। बिहार के सहरसा की नवोदित गायिका श्रद्धा श्री ने प्रतिष्ठित संगीत कार्यक्रम ‘सा रे गा मा पा’ के मंच पर अपनी दमदार प्रस्तुति से अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। श्रद्धा श्री ने शो के अंतिम 12 प्रतिभागियों में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है, जिससे सहरसा सहित पूरे कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

रविवार को प्रसारित कार्यक्रम में श्रद्धा श्री की प्रस्तुति ने शो के जज प्रसिद्ध पार्श्वगायक कुमार शानू, शंकर महादेवन, जावेद अली और नीति मोहन के साथ-साथ होस्ट अभिनेता श्रेयस तलपड़े और उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी गायिकी की प्रस्तुति को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।

संगीत की समृद्ध विरासत वाले परिवार से आने वाली श्रद्धा श्री को बचपन से ही गायिकी का माहौल मिला। कम उम्र से ही उन्होंने संगीत को अपनी साधना बना लिया और विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती रही हैं। उनकी उपलब्धियों में प्रतिष्ठित I Genius प्रतियोगिता में जीत भी शामिल है, जहां उन्हें प्रसिद्ध संगीतकार सलीम के हाथों सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट सिंगर के तौर पर सिंगापुर के एक म्यूजिक एल्बम के लिए रिकॉर्डिंग भी की।

सहरसा न्यू कॉलोनी निवासी कृषि विभाग से सेवानिवृत्त भृगुनंदन ठाकुर की पौत्री श्रद्धा श्री को संगीत की विरासत अपने परिवार से मिली है। उनके नाना श्री भागवत मिश्र वियोगी बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में प्रसिद्ध गायक के रूप में कार्यरत रहे हैं। वहीं बिहार की चर्चित गायिका रंजना झा उनकी बड़ी मौसी हैं।

श्रद्धा श्री के परिवार में भी संगीत से जुड़े कई नाम हैं। उनके चाचा अमृतराज ठाकुर और निखिल ठाकुर देश-विदेश में मंचीय प्रस्तुतियां दे चुके हैं। उनके फूफा गोविंद प्रसन्न सरस्वती भी प्रसिद्ध संगीतकार हैं। इस पारिवारिक संगीत परंपरा को श्रद्धा अपनी मेहनत और प्रतिभा के साथ आगे बढ़ा रही हैं।

श्रद्धा श्री अपने पिता राज कुमार ठाकुर और मां वंदना ठाकुर की इकलौती संतान हैं। उनकी मां वंदना ठाकुर दिल्ली के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में संगीत शिक्षिका हैं और श्रद्धा की संगीत प्रतिभा को निखारने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी विषय में स्नातक श्रद्धा श्री वर्तमान में दिल्ली में रहकर देश-विदेश में मंचीय प्रस्तुतियां देती हैं। अब ‘सा रे गा मा पा’ जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनकी सफलता ने सहरसा और बिहार की संगीत प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

सहरसा जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंची श्रद्धा श्री से क्षेत्र के लोगों को अब आगे की प्रस्तुतियों में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। उनके अंतिम 12 में पहुंचने से कोसी-मिथिलांचल के संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह है।

Post a Comment

0 Comments