Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में पुलिस की कार्रवाई, 9.20 ग्राम स्मैक के साथ दो भाई गिरफ्तार



सहरसा में सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9.20 ग्राम स्मैक जैसे पदार्थ के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर कुमार (20) और शशि कुमार (25), दोनों निवासी झपड़ा टोला, वार्ड नंबर-44, सहरसा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि धर्मवीर कुमार अपने भाई शशि कुमार के साथ हथियार लेकर घर पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद रात करीब 10:50 बजे छापेमारी के लिए रवाना हुई।

रात करीब 11:20 बजे पुलिस टीम शशि कुमार के घर पहुंची। पुलिस के घर में प्रवेश करते ही वहां मौजूद एक कुत्ता भौंकने लगा और उसने पुलिस पदाधिकारी समेत एक जवान को काट लिया। इसी दौरान घर से दो व्यक्ति निकलकर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों फरार हो गए। इसके बाद घायल पुलिसकर्मियों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।

इलाज के बाद 16 सितंबर की सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दोनों व्यक्ति कायस्थ टोला स्थित विवाह भवन और केथवा पोखर के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान धर्मवीर कुमार की जेब से काले रंग की प्लास्टिक की पुड़िया बरामद हुई। पूछताछ में उसने इसे स्मैक बताया। इसके बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना दी गई और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आगे की तलाशी की प्रक्रिया पूरी की गई।

सुबह करीब 5:30 बजे अंचल अधिकारी, कहरा मजिस्ट्रेट के रूप में माप-तौल मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर प्लास्टिक समेत कुल 9.20 ग्राम पाया गया। पुलिस ने पदार्थ को स्मैक जैसा बताया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में धर्मवीर कुमार ने दोनों भाइयों द्वारा स्मैक बेचने की बात बताई। उसने पुलिस को बताया कि दोनों घर में स्मैक पैक कर रहे थे और पुलिस के पहुंचने पर पालतू कुत्ते को खुला छोड़कर वहां से भाग गए थे। हालांकि, इन बयानों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर मौजूद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामद पदार्थ को जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए गिरफ्तार कर लिया और इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर ई-साक्ष्य की सुविधा काम नहीं करने के कारण कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग मोबाइल से की गई।

सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments