Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : अमरपुर पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने की कवायद तेज, डीएम दीपेश कुमार ने अधिकारियों को दिए कई निर्देश



सहरसा, 19 सितंबर 2026। कहरा प्रखंड की अमरपुर पंचायत को विकसित और आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी सहरसा श्री दीपेश कुमार (भा.प्र.से.) ने अमरपुर पंचायत सरकार भवन में अधिकारियों और पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पंचायत के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा पंचायत में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, कृषि, पशुपालन, आजीविका, स्वरोजगार, आधारभूत संरचना और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को पंचायत के विकास की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करने को कहा।



हर घर से स्वच्छता शुल्क वसूली और प्लास्टिक मुक्त पंचायत पर जोर

बैठक में पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घर-घर कचरा उठाव की व्यवस्था नियमित और प्रभावी होनी चाहिए। साथ ही प्रत्येक घर से निर्धारित स्वच्छता शुल्क का शत-प्रतिशत संग्रह सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पंचायतवासियों से अमरपुर को प्लास्टिक फ्री जोन बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

नल-जल योजना की होगी जांच, खराब व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश

पंचायत के सभी वार्डों में नल-जल योजना की वर्तमान स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया गया। जहां भी तकनीकी खराबी या अन्य समस्या है, वहां आवश्यक मरम्मत कराकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।



आंगनवाड़ी केंद्रों की सुविधाओं पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने पंचायत के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसमें भवन, शौचालय, पेयजल, बिजली, पोषाहार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है।

उन्होंने सरकारी भवनों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सामुदायिक भवनों से संबंधित भूमि की मापी कराने तथा यदि कहीं अतिक्रमण हो तो उसे हटाने का निर्देश दिया। साथ ही सार्वजनिक भूमि को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।

पंचायत सरकार भवन में सेवाओं को प्रभावी बनाने का निर्देश

पंचायत सरकार भवन में निर्धारित रोस्टर के अनुसार कर्मियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने न्याय कचहरी, पुस्तकालय एवं ई-पुस्तकालय, बैंकिंग सेवा तथा जन-औषधि केंद्र जैसी जनोपयोगी सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा पंचायत में सौर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।

जीविका समूहों को आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर

पंचायत की महिलाओं और ग्रामीण परिवारों की आजीविका बढ़ाने के लिए जीविका समूहों को विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने का निर्देश दिया गया। इनमें मत्स्य पालन, पशुपालन, बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और संसाधनों का अधिकतम लाभ लाभुकों तक पहुंचाने को कहा। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित होकर पशुपालकों को चिकित्सा एवं तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

PACS की सेवाओं को सुचारू करने का निर्देश

PACS के माध्यम से खाद-बीज वितरण, कृषि उपकरण, कंप्यूटर सुविधा और जन-औषधि केंद्र जैसी सेवाओं को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का जोर किसानों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

वहीं इच्छुक युवाओं और लाभुकों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मेला और बाजार की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश

पंचायत क्षेत्र में लगने वाले मेला और बाजार को व्यवस्थित करने के साथ संबंधित भूमि का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा इन गतिविधियों से पंचायत को होने वाली संभावित राजस्व प्राप्ति की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया।

उच्च विद्यालय अमरपुर का डीएम ने किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने उच्च विद्यालय, अमरपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की आईसीटी लैब और खेल मैदान का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचि और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। प्रत्येक शनिवार को जांच परीक्षा आयोजित करने तथा नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक कराने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने मुखिया सहित पंचायत के जनप्रतिनिधियों से भी विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

विद्यालय की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए कायाकल्प योजना के तहत आवश्यक नए कमरों के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता पर भी जोर

जिलाधिकारी ने पंचायत क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डॉक्टर, नर्स और दवाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने उपचार, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी ने पंचायत के मुखिया, सरपंच, उपसरपंच, उपमुखिया, वार्ड सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से स्वच्छता और सौर ऊर्जा को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने लोगों को घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और स्वच्छता शुल्क समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और पंचायत जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से कहा कि पंचायत में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी आवश्यक योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रमबद्ध तरीके से पूरा करने तथा निर्धारित समय में कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।

प्रशासन का उद्देश्य अमरपुर पंचायत में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, सौर ऊर्जा और जनसेवाओं के क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था विकसित करना है, ताकि पंचायत को एक विकसित एवं आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके।

समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता श्री केतन शुक्ला, श्री राजू कुमार, वरीय उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments