Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : Latest Saharsa News (सहरसा न्यूज़): Chandra Times: युवाओं को सूखे नशे से बचाने के लिए सुलिंदाबाद में जागरूकता रैली, वार्ड 42-43 को नशामुक्त बनाने का संकल्प

सहरसा। सुलिंदाबाद के वार्ड नंबर 42 और 43 में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। स्थानीय लोगों ने रैली के माध्यम से सूखे नशे के खिलाफ सामूहिक आवाज उठाई और नशे के कारोबार की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मोहम्मद नूर आलम ने बताया कि क्षेत्र में 20 से 25 वर्ष तक के युवाओं के बीच सूखे नशे को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई थी। उनके अनुसार, देर रात तक मोटरसाइकिल से घूमने और चाय की दुकानों पर युवाओं के जमावड़े के बीच नशे की समस्या सामने आ रही थी। इसी को देखते हुए अलग-अलग समुदायों के लोगों को साथ लेकर नशे के खिलाफ पहल शुरू की गई है।

नूर आलम ने कहा कि सुलिंदाबाद को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान में नशे की बिक्री करने वालों की पहचान कर उनकी सूचना प्रशासन को देने पर विशेष जोर रहेगा। उनके मुताबिक स्मैक, कोरेक्स, नशीली टैबलेट, शराब या किसी अन्य प्रकार के नशे का कारोबार करने वालों के संबंध में जानकारी प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी।

रैली में शामिल मोहम्मद मसीह इमाम उर्फ पप्पु, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सुलिंदाबाद, ने कहा कि नशे की समस्या से क्षेत्र के लोग परेशान हैं और इसका असर बच्चों व युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ की जा रही पहल का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे स्थानीय लोगों का मनोबल बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि वार्ड 42 और 43 को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई। रैली सुलिंदाबाद स्थित गढ़ी मंदिर से शुरू हुई और हाई स्कूल, मस्जिद होते हुए गांव के विभिन्न हिस्सों से गुजरी।

रैली में शामिल लोगों ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास जारी रखने की बात कही। स्थानीय स्तर पर शुरू की गई इस पहल में समाज के विभिन्न समुदायों की भागीदारी के साथ प्रशासन को भी सूचना उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। फिलहाल अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने और सुलिंदाबाद को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।

Post a Comment

0 Comments