Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा सदर अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई, प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील आजाद और डॉ. रोशन लाल मुख्यालय बुलाए गए

सहरसा। मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडिया कर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में सहरसा सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन लाल के खिलाफ बिहार स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, सहरसा के जिला पदाधिकारी के पत्र के आधार पर दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध आरोपों की रिपोर्ट की गई थी। आरोपों में मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट के अलावा घटना स्थल पर पहले से लगे CCTV कैमरे की फुटेज मिटाने का आरोप भी शामिल है।

जांच रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला

अधिसूचना में कहा गया है कि जांच प्रतिवेदन के आलोक में नियुक्ति प्राधिकार ने डॉ. सुशील कुमार आजाद और डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार मुख्यालय में योगदान करने का निर्णय लिया है।

विभाग ने दोनों चिकित्सकों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार मुख्यालय में योगदान सुनिश्चित करें।

डॉ. सुशील कुमार आजाद वर्तमान में सदर अस्पताल, सहरसा के प्रभारी अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे, जबकि डॉ. रोशन लाल चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में तैनात थे।

MDM मामले की रिपोर्टिंग के दौरान हुआ था विवाद

यह कार्रवाई उस घटनाक्रम से जुड़ी है, जिसमें सहरसा जिले में मध्याह्न भोजन खाने के बाद बच्चों के बीमार होने की घटना सामने आई थी। इसी मामले की रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे मीडिया कर्मी के साथ सदर अस्पताल परिसर में विवाद और मारपीट का मामला सामने आया था।

स्वास्थ्य विभाग की अधिसूचना में कार्रवाई का आधार जिला पदाधिकारी, सहरसा की ओर से भेजी गई रिपोर्ट और उसके बाद हुई जांच को बताया गया है।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त है।

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई सहरसा सदर अस्पताल से जुड़े पूरे विवाद में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम मानी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments