Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा पत्रकार-चिकित्सक विवाद पर स्मिता सिन्हा ने जताई चिंता, निष्पक्ष जांच की मांग


सहरसा: सहरसा सदर अस्पताल परिसर में पत्रकार और चिकित्सक के बीच हुए विवाद को लेकर जदयू प्रदेश संगठन सचिव एवं वरिष्ठ नेत्री स्मिता सिन्हा ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने घटना को अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक बताते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

स्मिता सिन्हा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। वहीं चिकित्सक जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच विवाद और हिंसक व्यवहार किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।

उन्होंने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया चिकित्सक द्वारा पत्रकार के साथ अभद्र भाषा के प्रयोग और मारपीट की बात सामने आ रही है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगी।

जदयू नेत्री ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

स्मिता सिन्हा ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान संवाद, संयम और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों, चिकित्सकों और समाज के सभी वर्गों के सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमा की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Post a Comment

0 Comments