सहरसा। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर सामने आई है। सहरसा के चार एथलेटिक्स खिलाड़ियों का चयन 22 से 24 सितंबर 2026 तक पटना में आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया गया है। इसके साथ ही सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष रोहित राज को बिहार एथलेटिक्स टीम का कोच नियुक्त किया गया है।
सहरसा जिला एथलेटिक संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए जिले से चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें साक्षी कुमारी का चयन अंडर-14, मानवी कुमारी का अंडर-16 तथा कृष्ण राज और अन्नू कुमारी का चयन अंडर-20 वर्ग में किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहरसा के चार खिलाड़ियों के चयन और रोहित राज को बिहार टीम का कोच बनाए जाने से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं कोच को शुभकामनाएं दी हैं।
सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सैयद शमी अहमद ने कहा कि जिले में लगातार खेल का बेहतर माहौल तैयार हो रहा है। खासकर एथलेटिक्स का खेल सहरसा में तेजी से उभरकर सामने आया है। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों, कोच, सहरसा एथलेटिक्स संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी, तकनीकी पदाधिकारियों और जिले के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
वहीं, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रबींद्र कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह ने कहा कि सहरसा में लगातार खेल का बेहतर वातावरण बन रहा है। विशेष रूप से एथलेटिक्स और क्रिकेट में जिले के खिलाड़ियों का भविष्य बेहतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर से भी सहरसा में खेल के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी खेलों के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न स्तरों पर ध्यान दे रही है।
जिला खेल पदाधिकारी कुमारी तोशी ने भी चयनित खिलाड़ियों और कोच को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सहरसा खेल के क्षेत्र में और आगे बढ़ेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, कोच और तकनीकी पदाधिकारियों की भागीदारी को उन्होंने जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
इस अवसर पर जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष दिवाकर सिंह, जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष, जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष विवेक विशाल, जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार झा, कोशी स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश मंत्री चंद्र शेखर अधिकारी, जिला रस्साकशी संघ के अध्यक्ष विप्लव रंजन, जिला फुटबॉल संघ के सचिव मो. अशफाक आलम, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव रणवीर सिंह राजा, जिला साइकलिंग संघ के सचिव दर्शन कुमार गुड्डू, जिला तैराकी संघ के सचिव चंदन कुमार, जिला योग संघ के सचिव अमन कुमार सिंह, जिला कबड्डी संघ के सचिव आशीष रंजन सिंह, जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव कल्पतरु कृपा करण सिंह, जिला वूशु संघ के सचिव मनीष साह और जिला बॉलबैडमिंटन संघ के सचिव अंशु मिश्रा सहित अन्य खेल पदाधिकारियों ने चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।

0 Comments