सहरसा। भगवान वामन प्राकट्योत्सव के अवसर पर बुधवार को ब्राह्मण महासभा की ओर से देव पैलेस, पीएनबी वाली गली, डीबी रोड में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान वामन का पूजन, विद्वज्जन सम्मान समारोह, धार्मिक परिचर्चा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
समारोह में सहरसा जिले के कर्मकांडी पंडितों, वेद के ज्ञाताओं, ज्योतिषाचार्यों, पुजारियों और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े विद्वज्जनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सनातन धर्म और ब्राह्मण परंपरा से जुड़े विषयों पर विद्वानों ने विचार रखे।
ब्राह्मण महासभा के सदस्य प्रभात रंजन ने कहा कि भगवान वामन के जन्मोत्सव के अवसर पर जिले के विद्वतजनों को सम्मानित करने का यह विशेष प्रयास है। उन्होंने बताया कि कर्मकांड, वेद और ज्योतिष के क्षेत्र में योगदान देने वाले विद्वानों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी ब्राह्मण महासभा की ओर से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।
धार्मिक परिचर्चा के दौरान ब्राह्मण समाज के कर्तव्यों और धर्म के मार्ग पर चलने को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और आने वाली पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पारंपरिक ‘नारदी’ कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। आयोजकों के अनुसार, भगवान वामन प्राकट्योत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपराओं और विद्वानों के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया गया।

0 Comments