सहरसा। बनगांव थाना क्षेत्र के रूहुआ नहर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 37 वर्षीय महिला सुलोखा देवी की रविवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर किया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान महिषी में तारास्थान के समीप वार्ड संख्या-13 निवासी संजीत महतो की पत्नी सुलोखा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को सुलोखा देवी आंख की जांच कराने के लिए बाइक से सहरसा आई थीं। जांच के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बनगांव थाना क्षेत्र के रूहुआ नहर के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर दरभंगा पहुंचे, जहां कई दिनों तक इलाज चला। हालांकि, रविवार देर शाम जिंदगी की जंग लड़ते हुए सुलोखा देवी ने दम तोड़ दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सुलोखा देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने बताया कि मृतका के दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनके पति संजीत महतो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस दुखद घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस की प्रक्रिया जारी
घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई है। सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सहरसा में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

0 Comments