सहरसा। सहरसा वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्यसभा सांसद एवं जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय झा ने सहरसा में दरभंगा एम्स के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस पर सहमत है और जल्द ही सहरसा में एम्स की शाखा खोली जाएगी।
सहरसा में एम्स निर्माण संघर्ष समिति एवं कोशी विकास संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने श्री झा से मुलाकात कर यह मांग रखी थी। प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के अध्यक्ष विनोद कुमार झा, संरक्षक प्रवीण आनंद और ओमप्रकाश सिंह शामिल थे। उन्होंने सांसद से मुलाकात कर सहरसा में एम्स, हवाई सेवा, फ्लायओवर और कोशी क्षेत्र के समग्र विकास की मांग रखी।
सांसद संजय झा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि जैसे दिल्ली एम्स की शाखा हरियाणा के झज्जर जिले में खुली, उसी तर्ज पर दरभंगा एम्स का विस्तार सहरसा में किया जाएगा। उन्होंने कहा, "सहरसा सहित संपूर्ण कोशी का विकास करना हमारी प्राथमिकता है। यहां के लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के हकदार हैं और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें वह मिले।"
कोशी का सिरमौर — संजय झा को मिला सम्मान
प्रतिनिधिमंडल ने संजय झा को "मिथिला का शिरमौर" बताते हुए उन्हें बधाई दी और भरोसा जताया कि सहरसा में एम्स की स्थापना सहित अन्य समस्याओं का समाधान भी उन्हीं की पहल से होगा।
'ऑपरेशन सिन्दूर' के जरिए विदेश में देश और मिथिला का नाम रोशन करने के लिए मोर्चा ने संजय झा का सार्वजनिक नागरिक अभिनंदन जल्द सहरसा में करने का निर्णय लिया है।
हवाई सेवा, सड़क विस्तार और फ्लायओवर जैसे विकास कार्य होंगे तेज
सांसद झा ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य, हवाई सेवा, सड़क नेटवर्क, फ्लायओवर निर्माण और कोशी विकास प्राधिकरण को लेकर सरकार गंभीर है और इन विषयों पर तेजी से काम होगा।
मोर्चा के अध्यक्ष विनोद कुमार झा और संरक्षक प्रवीण आनंद ने कहा, "संजय झा से मिलकर यह विश्वास और प्रबल हुआ है कि सहरसा को उसका हक मिलेगा। हम जल्द ही नागरिक अभिनंदन का आयोजन करेंगे और जनता की उम्मीदों को नई ऊंचाई देंगे।"
चंद्रा टाइम्स इस ऐतिहासिक पहल को कोशी क्षेत्र के भविष्य की नींव मानता है। सहरसा में एम्स की स्थापना से न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन आएगा बल्कि कोशी के लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
0 Comments