Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : प्रभात कुमार ने संभाला नगर आयुक्त का पद, स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना प्राथमिकता



शुक्रवार को सहरसा नगर निगम को नया आयुक्त मिल गया है। प्रभात कुमार ने नगर निगम आयुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। निवर्तमान नगर आयुक्त सुशील कुमार मिश्रा के स्थानांतरण के बाद अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन संजीव कुमार चौधरी को अस्थायी रूप से चार्ज सौंपा गया था। उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए प्रभात कुमार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर निगम क्षेत्र को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे और जनता को बेहतर नागरिक सुविधा देना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।

उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती जलजमाव की है, क्योंकि बरसात का मौसम चल रहा है। इसके समाधान के लिए वे निगम क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और जल निकासी व्यवस्था को सुधारने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व नगर आयुक्त के कार्यों से उनका कोई लेना-देना नहीं है, और वे सिर्फ आगे की दिशा में कार्य करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

प्रभात कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि पेयजल संकट और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन से समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे। उनका मानना है कि सभी को साथ लेकर चलना और जनभागीदारी से ही नगर निगम क्षेत्र को बेहतर बनाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि प्रभात कुमार इससे पहले अरवल जिले में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। अब उन्होंने स्थानांतरण के उपरांत सहरसा नगर निगम में आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। नगरवासियों को उनसे एक सक्रिय, जवाबदेह और विकासोन्मुख प्रशासन की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments