Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में दर्दनाक सड़क हादसा: बुजुर्ग दंपति की मौत, शव घसीट ले गया वाहन



सहरसा | मंगलवार की अहले सुबह सहरसा जिले के सौरबाजार-सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पत्नी का शव घटनास्थल से बरामद हुआ, जबकि पति का शव रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

मृतकों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के सुहथ गांव निवासी 60 वर्षीय भरत राम और उनकी 55 वर्षीय पत्नी श्यामा देवी के रूप में हुई है। दोनों सुबह टहलने के लिए अपने घर के सामने सड़क किनारे निकले थे, तभी सोनवर्षा राज की ओर से आ रहे एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। श्यामा देवी का शव घटनास्थल पर सड़क किनारे मिला, जबकि भरत राम का शव मौके पर नहीं मिला।

शव का हिस्सा कई किलोमीटर दूर मिला

मौके पर खोजबीन के दौरान भरत राम का कुछ कपड़ा सौरबाजार प्रखंड मुख्यालय के समीप बैंक ऑफ इंडिया शाखा के पास फेंका हुआ पाया गया, जबकि उनका शरीर का कुछ हिस्सा अजगैवा गांव के सामने सड़क पर मिला। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद वाहन चालक भरत राम के शव को घसीटते हुए कई किलोमीटर तक ले गया।

परिजनों की मांग: चालक हो गिरफ्तार, मिले मुआवजा

घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी, शव की बरामदगी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग की। सड़क जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने किया हस्तक्षेप

घटना की सूचना मिलने पर सौरबाजार थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम हटाने की कोशिश की। लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव मिलने तक जाम नहीं हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस ने वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

प्रशासन पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने प्रशासन की संवेदनशीलता और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम बात है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


Post a Comment

0 Comments