Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा की ऐतिहासिक मत्स्यगंधा झील का होगा कायाकल्प, पीएम मोदी 15 सितंबर को करेंगे शिलान्यास


सहरसा : बिहार की ऐतिहासिक मत्स्यगंधा झील अब नए रूप और आकर्षण के साथ विकसित होने जा रही है। झील के कायाकल्प की औपचारिक शुरुआत 15 सितंबर से होगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झील के विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। परियोजना के तहत 400 मीटर का घाट, वृताकार ग्लास ब्रिज, पार्किंग स्थल और म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद मत्स्यगंधा झील धार्मिक आस्था और पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगी।

महाभारत काल की झलक मिलेगी

योजना के अंतर्गत झील परिसर में महाभारत काल की घटनाओं पर आधारित अभिव्यक्ति स्थल बनाया जाएगा। इसके अलावा यहां शहीद स्मृति स्थल, यादगार वस्तुओं के विक्रय केंद्र और एक म्यूजियम का भी निर्माण होगा। म्यूजियम में मत्स्यगंधा झील से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जाएगा।

केंद्र और राज्य सरकार की पहल

यह महत्वाकांक्षी परियोजना पिछले साल नवंबर में केंद्र सरकार की विशेष सहायता योजना के तहत स्वीकृत हुई थी। वहीं, बिहार सरकार ने 98 करोड़ 65 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती

विशेषज्ञों का मानना है कि झील विकास परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। हस्तशिल्प, होटल, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र में हजारों लोगों को काम मिलने की संभावना है। इससे सहरसा और आसपास के क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज बनेगा आकर्षण

इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण झील में बनने वाला वृताकार ग्लास ब्रिज होगा, जो बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज होगा। यह पर्यटकों के लिए एक खास अनुभव साबित होगा और झील को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन स्थल की पहचान दिलाएगा।

Post a Comment

0 Comments