सहरसा, संवाददाता। शुक्रवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना को देखते हुए सहरसा ट्रैफिक पुलिस ने शहर के यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए हैं। ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि यह नया ट्रैफिक प्लान गुरुवार की मध्यरात्रि से लेकर मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने तक लागू रहेगा।
डीएसपी ने बताया कि आम नागरिकों और मतगणना में शामिल कर्मियों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पश्चिम दिशा से आने वाले वाहनों के लिए हवाई अड्डा मोड़ से आगे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पटेल मैदान के पास की गई है।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा से आगे एडीएम आवास के पास बैरिकेडिंग लगाई जाएगी, जहां से आगे आम लोगों का पैदल प्रवेश भी वर्जित रहेगा। इसी तरह, गांधी पथ छात्रावास के पास भी बैरिकेडिंग होगी और वहां से आगे किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी।
मतगणना कर्मियों के लिए समाहरणालय, विकास भवन और प्रेक्षागृह में पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, सुपर बाजार से खुलने वाली बसें शिवपुरी और पश्चिम दिशा की ओर जाने के लिए समाहरणालय मार्ग होते हुए नया बाजार के रास्ते निकाली जाएंगी।
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि थाना चौक से बीर कुंवर सिंह चौक होते हुए आंबेडकर चौक तक पैदल व सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
0 Comments