बिहारीगंज (मधेपुरा)। बुधवार की सुबह बिहारीगंज थाना पुलिस ने लक्ष्मीपुर लालचंद में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से हथियार, अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने वाले उपकरण बरामद किए। इस सिलसिले में दयानंद मंडल (63) को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मीपुर लालचंद के चांय टोला में अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित हो रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री को पकड़ लिया।
बरामदगी और गिरफ्तारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन समेत कई हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से दयानंद मंडल को अवैध हथियार बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दयानंद मंडल के घर से भट्ठी, लोहे की पाइप, कटिंग ब्लेड, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, अर्द्धनिर्मित बट, हथौरी, छेनी समेत बड़े पैमाने पर हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
नक्सली कनेक्शन की आशंका
पूछताछ में दयानंद मंडल ने अवैध हथियार बनाने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसका पुत्र विकास मंडल तैयार हथियारों की सप्लाई करता है। पुलिस अब विकास मंडल की तलाश में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार किन-किन जगहों पर भेजे जा रहे थे।
पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि दयानंद मंडल का पूर्व में नक्सली गिरोह से संबंध रहा है और वह जेल भी जा चुका है। ऐसे में पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष का बयान
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण करने वाले गिरोहों पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 Comments