Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में डायल-112 टीम पर केस दर्ज, कार में टक्कर के बाद नशे में ड्यूटी करने का आरोप



सहरसा। जिले में डायल-112 सेवा से जुड़ा एक विवादित मामला सामने आया है। बरियाही बाजार में एक कार को पुलिस वाहन से टक्कर लगने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मामले में ड्यूटी पर मौजूद ईआरवी-1 के पदाधिकारी और चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगा है। बनगांव थाना में थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर के लिखित आवेदन पर 3 मार्च को दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार 2 मार्च की शाम डीबी रोड मछली मार्केट निवासी अधिवक्ता लुकमान अली ने थाना पहुंचकर शिकायत की कि बरियाही बाजार में खड़ी उनकी कार को डायल-112 की पुलिस गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने डायल-112 की ईआरवी-1 टीम को थाना बुलाया। टीम में पदाधिकारी ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह और चालक कौशल कुमार ठाकुर शामिल थे।

पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि उसने थोड़ी मात्रा में शराब पी रखी थी। बताया गया कि वाहन को पीछे करते समय वहां खड़ी कार को हल्का धक्का लग गया। इसके बाद कार सवार व्यक्ति ने आपत्ति जताई, जिससे बाजार में कुछ देर के लिए अफरातफरी और हंगामे की स्थिति बन गई।

थानाध्यक्ष के अनुसार जांच के दौरान ईआरवी-1 के पदाधिकारी ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह अचानक थाना परिसर से चले गए और देर रात तक उनका पता नहीं चल पाया। वहीं चालक कौशल कुमार ठाकुर को नशे की हालत में पाया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया।

बताया गया कि अगले दिन 3 मार्च की सुबह करीब छह बजे ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह थाना पहुंचे, जिसके बाद उन्हें भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि ड्यूटी के दौरान नशे में रहना और बिना सूचना के गायब होना गंभीर अनुशासनहीनता है। फिलहाल दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रक्त जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

Post a Comment

0 Comments