Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में 24 घंटे का अखंड रामधुन यज्ञ 27 मार्च से, 26 को निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा

सहरसा : जिले के सिमरीबख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत चकला वार्ड संख्या 18 स्थित शिव मंदिर परिसर में आगामी 27 मार्च से 24 घंटे का अखंड रामधुन यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लोग जुटे हुए हैं।

आयोजकों ने बताया कि यज्ञ से एक दिन पूर्व 26 मार्च को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में कन्याएं सिर पर कलश लेकर भाग लेंगी। यह शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी की प्रतिमा की विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा भी की जाएगी। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

ग्रामीणों द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का वातावरण है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments